उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के अनुरोध पर अभी राज्य संपत्ति विभाग विचार कर ही रहा था कि उनके पिता और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने भी अपना बंगला खाली करने के लिए दो वर्ष का समय मांगा है. इस आशय का पत्र उन्होंने अपने प्रतिनिधि के माध्यम से बुधवार को राज्य संपत्ति विभाग को भिजवा दिया है.

राज्य संपत्ति विभाग के सूत्रों के मुताबिक, मुलायम सिंह यादव ने बुधवार को अपने निजी सचिव के माध्यम से एक पत्र राज्य संपत्ति अधिकारी योगेश कुमार शुक्ला को भिजवाया था. शुक्ला ने उनका पत्र प्राप्त कर लिया है. इस पर आगे का फैसला न्याय विभाग से राय लेने के बाद ही किया जाएगा.

सुप्रीम कोर्ट के आदेश से खाली कराया जा रहा है बंगला
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद राज्य संपत्ति विभाग उत्तर प्रदेश के छह पूर्व मुख्यमंत्रियों से सरकारी बंगला खाली करवाने की कवायद में जुटा हुआ है. विभाग की तरफ से सबको 15 दिन के भीतर बंगला खाली करने का नोटिस भी भेजा गया है.


अखिलेश भी मांग चुके हैं दो साल का समय
राज्य संपत्ति विभाग के अधिकारी योगेश कुमार शुक्ला ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश के अनुरोध के बाद न्याय विभाग से इस संबंध में राय मांगी गई है. न्याय विभाग का फैसला आने के बाद ही इस संबंध में कुछ कहा जा सकेगा. शुक्ला ने बताया कि दो पूर्व मुख्यमंत्रियों राजनाथ सिंह एवं कल्याण सिंह की तरफ से बंगला खाली कराए जाने की सहमति मिल गई है. लेकिन अन्य चार मुख्यमंत्रियों की तरफ से अभी कोई जवाब नहीं आया है.

गौरतलब है कि अखिलेश यादव ने अपना सरकारी आवास खाली करने के लिए राज्य संपत्ति विभाग से दो वर्ष का समय मांगा था. अखिलेश यादव ने कहा कि उन्होंने अपने लिए राजधानी में कोई घर नहीं बनाया है. वह अपने लिए और नेताजी (मुलायम सिंह यादव) के लिए घर खोज रहे हैं. अगर उन्हें किराए का मकान मिल जाता है तो वह बंगला खाली कर देंगे.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours