उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में पुलिस का शर्मनाक चेहरा सामने आया है. एक माह पुराने वायरल वीडियो में एक सिपाही खाकी का खौफ दिखाकर एक युवक से अपने जूतों पर नाक रगड़वाते नजर आ रहा है. इतना ही नहीं सिपाही बेल्ट से उसकी पिटाई भी कर रहा है.

दरअसल, सिपाही ने लेनदेन में विवाद के आरोपी युवक से जूतों पर नाक रगड़वाई और अपने बेल्ट से उसकी पिटाई की. यह वीडियो एक माह पुराना बताया जा रहा है. वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में पुलिस का उत्पीड़न चर्चा का विषय बना हुआ है.

हालांकि, मामले में नवागत एसपी अजय शंकर राय ने जांच में दोषी पाने पर सिपाही के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की बात कही है. सोमवार को वायरल हुए एक वीडियो में एक युवक सिपाही के जूतों पर नाक रगड़ता दिख रहा है. वहीं, सिपाही उसे दौड़ने की बात कहते हुए मारपीट कर साथ ले जा रहा है.

पीड़ित युवक का नाम सुधीर कुमार है. गांव में रुपये के लेनदेन में उसका किसी से विवाद हो गया था. इस पर दूसरे पक्ष ने उक्त सिपाही को साथ लेकर युवक की जमकर पिटाई कराई.

पीड़ित सुधीर के मुताबिक पुलिसकर्मी ने उसे बेल्ट से मारा. उसे कहा कि पैरों पर नाक रगड़ों, तब तुझे छोड़ेंगे. फिलहाल सिपाही की संवेदनहीनता का वीडियो देखने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठना लाजमी है.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours