बीजेपी गठबंधन के 11 और सपा व बसपा के एक-एक सदस्य गुरुवार विधान परिषद के लिए निर्विरोध निर्वाचित किए जाएंगे. आज नाम वापसी का अंतिम दिन है. हालांकि 13 सीटों के लिए 13 ही उम्मीदवारों ने नामांकन किया था, लिहाजा सभी का निर्विरोध चुना जाना पहले से ही तय था. लेकिन तकनीकी आधार पर नाम वापसी का समय संपत होने के बाद इसकी औपचारिक घोषणा हो सकती है. आज शाम 3 बजे के बाद यह समय समाप्त होने पर इन उम्मीदवारों के चुने जाने की घोषणा होगी.
बीजेपी गठबंधन के 11 और सपा व बसपा का एक-एक सदस्य उच्च सदन पहुंचेगा. जिसके बाद विधान परिषद में बीजेपी की संख्या 21 हो जाएगी. बावजूद इसके, उच्च सदन में बहुमत सपा के पास ही रहेगा. बीजेपी को उच्च सदन में बहुमत के लिए अभी तीन साल और इंतजार करना पड़ेगा.
जिन 13 सदस्यों को निर्वाचित घोषित किया जाएगा उनमें बीजेपी से डॉ महेंद्र सिंह, मोहसिन रजा, विजय बहादुर पाठक, अशोक कटारिया, विद्यासागर सोनकर, अशोक धवन, यशवंत सिंह, डॉ सरोजिनी अग्रवाल, बुक्कल नवाब व जयवीर सिंह और अपना दल एस के आशीष सिंह पटेल शामिल हैं.
बसपा के भीमराव अम्बेडकर और सपा के नरेश उत्तम पटेल भी उच्च सदन पहुंचेंगे. गौरतलब है कि सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत पार्टी के आठ सदस्यों का कार्यकाल 5 मई को खत्म हो रहा है. लेकिन संख्या बल कम होने की वजह से सपा महज एक ही सदस्य को परिषद भेज पा रही है. एक सीट के लिए सपा ने बसपा को समर्थन दिया है.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours